मुंगेली। मुंगेली जिले के विकासखंड मुंगेली के संकुल केंद्र बीजातराई में लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए संकुल स्तरीय लोक नृत्य एवं गीत संगम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन बीजातराई सरपंच डॉ. राजीव सिंह ठाकुर की गरिमामयी अध्यक्षता में संपन्न हुआ। डॉ. ठाकुर ने अपने उद्बोधन में क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। संस्था प्रमुख रेखा देवांगन ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करना और नई पीढ़ी में पारंपरिक नृत्य-गीतों के प्रति रुचि जागृत करना है। इस कार्यक्रम में संकुल अंतर्गत भूमियापारा, बीजातराई, सिंगारपुर, सेनकपाट, सारंगपुर और सेतगंगा के विद्यालयों से लगभग 25 बाल समूहों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने पंथी नृत्य, सुआ नृत्य एवं अन्य लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरे कार्यक्रम स्थल में लोकगीतों की गूंज और ताल की लय से उत्सव का माहौल छा गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बच्चों को मुख्य अतिथि डॉ. राजीव सिंह ठाकुर द्वारा सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रजनी मानिक सोनवानी, जनपद सदस्य कमल टोंडर, हेमलता कन्हैया गबेल, उपसरपंच बीजातराई विमलेश माथुर, एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ संकुल समन्वयक अरुण टंडन, सतीश वैष्णव, सिद्दराम देवांगन, राजकुमारी चन्द्रवंशी, खूबचंद्र सिंह क्षत्रिय, दादू सिंह राजपूत, स्मिता कौशल, पूनम सूर्यवंशी, निरंजन जैन, राजेश गबेल, गीताकरण सोनी, खिलेश्वर मानिकपुरी, सीमा ठाकुर, रूपचन्द्र जांगड़े, बंसल आड़ीले, संगीता टंडन और उर्मिला देवांगन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत लोक नृत्य एवं गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे परिसर में सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बन गया।
