मुंगेली । पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यप्रणाली की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मुंगेली द्वारा कड़ा कदम उठाया गया है। थाना चिल्फी में पदस्थ दो आरक्षकों को अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। कार्यालय पुलिस अधीक्षक मुंगेली द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 221 राजेश कुमार ध्रुव एवं आरक्षक क्रमांक 323 मनोज कुमार सिंह ने विभागीय आचार संहिता के प्रतिकूल कार्य करते हुए घोर अनुशासनहीनता एवं लापरवाही प्रदर्शित की। उक्त कृत्य को गंभीर मानते हुए दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केन्द्र मुंगेली में पदस्थ किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों आरक्षकों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि विभागीय अनुशासन और शुचिता से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
