मुंगेली । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैहाकापा में आज सरस्वती साइकिल योजना (सत्र 2025–26) के अंतर्गत कक्षा नवमी में अध्ययनरत छात्राओं को 26 साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत बैहाकापा की सरपंच श्रीमती राजनंदिनी रूपेश भारद्वाज उपस्थित रहीं। उन्होंने साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि अब छात्राओं को स्कूल आने-जाने में कोई असुविधा नहीं होगी और शिक्षा के प्रति उनकी राह और सुगम बनेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन हमेशा बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.एल. राय ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि साइकिल केवल सुविधा नहीं बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा है। उन्होंने सभी से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के व्याख्याता होशलाल रात्रे, हरिशंकर वर्मा, श्यामचरण जांगड़े, कामेश्वर ओगरे, सनत बंजारे, प्रतीक्षा वैष्णव, साधना साहू, जयश्री तिवारी, संगीता पटेल, अंजीत कुमार, अश्वनी कुमार सहित ग्रामवासी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे पर उत्साह और खुशी देखने लायक थी।
